जिले में नीट यूजी परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न 

 
जिले में नीट यूजी परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न 

हिसार, 03 मई। जिले में रविवार को नीट यूजी परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए उपायुक्त महेंद्र पाल ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, फ्रिस्किंग प्वाइंट, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष रही।

उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए की गई व्यवस्थाओं—जैसे पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा आदि—का भी जायजा लिया और इन व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुगमता से पहुंचाने के लिए बसों सहित परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही डायल 112 की सर्विस को भी एक्टिव रखा गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीमों की भी तैनाती सुनिश्चित की गई थी।

जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 6,776 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,605 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 171 अनुपस्थित रहे। अधिकांश केंद्रों पर उपस्थिति संतोषजनक रही और परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।

उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं प्रयासों के चलते परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।