अगस्त माह में फरीदाबाद में होंगे राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के प्रमुख राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण
फरीदाबाद, 24 जुलाई।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग द्वारा अगस्त, 2026 के दौरान फरीदाबाद जिले में विभिन्न प्रमुख राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ों का संग्रह किया जाएगा।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के उप-क्षेत्रीय कार्यालय, फरीदाबाद के अधिकार क्षेत्र में आयोजित होने वाले इन सर्वेक्षणों में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस), प्रवासन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (एसएएस) शामिल हैं।
सर्वेक्षण के लिए फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र के अतिरिक्त तिलपत तथा ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत गांव नंगला माजरा चांदपुर, फुलेरा, लतिपुर, पावटा, आलमपुर, फतेहपुर बिल्लोच सहित अन्य चयनित क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में प्रशिक्षित सर्वेक्षण अधिकारी निर्धारित अवधि के दौरान घर-घर एवं चयनित प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।
इन सर्वेक्षणों से रोजगार, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों, घरेलू आय, प्रवासन, पारिवारिक संपत्ति एवं ऋण तथा कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति से संबंधित विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े उपलब्ध होंगे। यह आंकड़े साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णयों, विकास योजनाओं तथा सामाजिक-आर्थिक नियोजन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण कार्य में नियुक्त अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारियों को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
