हरियाणा के स्कूलों और आंगनवाड़ियों में 12 नवंबर को मनाया जाएगा 'राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस'

 
1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को निशुल्क खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल की गोली

1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को निशुल्क खिलाई जाएगी एल्बेंडाजॉल की गोली

छूटे हुए बच्चों के लिए 19 नवंबर को आयोजित होगा मॉप-अप राउंड

खाली पेट न करने दें दवा का सेवन, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश

हिसार,

बच्चों को पेट के कीड़ों (कृमि) से मुक्त करने और उनके स्वास्थ्य व पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए 12 नवंबर को  'राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस'   का आयोजन किया जाएगा। इस महा-अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को निशुल्क दवा वितरित की जाएगी।

डॉ ऋतु सिंगला ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना है। कृमि नियंत्रण से बच्चों में खून की कमी  दूर होती है, जिससे उनके शारीरिक-मानसिक विकास और शैक्षणिक एकाग्रता में बड़ा सुधार देखने को मिलता है।

आयु वर्ग के अनुसार दी जाएगी खुराक

डॉ ऋतु सिंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 1 से 19 वर्ष तक के सभी लक्षित लाभार्थियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन  द्वारा अनुमोदित सुरक्षित  दवा खिलाई जाएगी। इसमें 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी के साथ, तथा 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को 1 पूरी गोली चबाकर खानी होगी। इसके अतिरिक्त, इस बार अभियान के दायरे को बढ़ाते हुए 20 से 24 वर्ष की गैर-गर्भवती और स्तनपान न कराने वाली महिलाओं को भी कवर किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एल्बेंडाजॉल की गोली पूरी तरह सुरक्षित और फायदेमंद है। अभिभावक यह अवश्य सुनिश्चित करें कि बच्चे स्कूल या आंगनवाड़ी केंद्र घर से भरपेट भोजन या नाश्ता करके ही आएं, क्योंकि खाली पेट इस दवा का सेवन नहीं किया जाना चाहिए। दवा चबाकर ही खानी अनिवार्य है। कुछ मामलों में बच्चों को दवा के बाद हल्का पेट दर्द, जी मिचलाना या उल्टी जैसी अस्थायी शिकायत हो सकती है, जो पेट में कीड़े होने के कारण होती है और स्वतः ही ठीक हो जाती है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें और एम्बुलेंस सेवाएं मुस्तैद रहेंगी।

19 नवंबर को मॉप-अप राउंड

जो बच्चे बीमारी या अनुपस्थिति के कारण 12 नवंबर को दवा खाने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा 19 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप राउंड  के दौरान कवर किया जाएगा।  सरकार का मुख्य ध्येय है कि प्रदेश का कोई भी पात्र बच्चा इस स्वास्थ्य लाभ से वंचित न रहे। विभाग ने सभी शिक्षण संस्थानों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम को सफल बनाने और 'कृमि मुक्त हरियाणा' के संकल्प को सिद्ध करने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।