कैथल DC के औचक निरीक्षण में नायब तहसीलदार गायब, जारी हुआ नोटिस
लोगों से की बातचीत, सुनी समस्याएं
तहसील कार्यालय में निरीक्षण के दौरान DC अपराजिता ने वहां मौजूद लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
BDPO कार्यालय में योजनाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने BDPO कार्यालय में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और शिकायत निवारण प्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने BDPO से जनसंवाद कार्यक्रम, समाधान शिविर, मुख्यमंत्री विंडो और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर समिति कार्यालय में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
नगर समिति कार्यालय के निरीक्षण के दौरान DC ने सफाई व्यवस्था, चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नगर सचिव को शहर में स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2023-24 के दौरान स्वीकृत विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और पूर्व में स्वीकृत धनराशि से संबंधित उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) समय पर जमा कराने के निर्देश भी दिए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसेवा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या जवाबदेही की कमी को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाएं।
