*विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया अतिरिक्त अनाज मंडी का दौरा*
*धान खरीद व्यवस्था का लिया जायजा, एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ खरीद करने के दिए निर्देश*
चंडीगढ़, 7 अक्टूबर- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को कैथल अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में फसल लेकर पहुंचे किसानों से बातचीत की और अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा किसानों का एक-एक निर्धारित एमएसपी पर दाना खरीदा जाएगा।
मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने मंडी में पहुंची धान की ढेरी पर जाकर नमी मापक यंत्र से नमी का आकलन भी करवाया। किसानों ने मंत्री के सामने अपनी समस्या रखी कि उनकी फसल को एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा, उन्हें दो-तीन मंडियों में रहना पड़ता है और काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने एक अन्य धान की ढेरी पर जाकर स्वयं भी नमी मापक यंत्र से नमी का आकलन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों व एजेंसियों को खरीद करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मौके पर तीनों एजेंसियों को बराबर खरीद करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कैथल में 270 आढ़त की दुकानें हैं, 1 से 90 तक वेयर हाउस, 91 से 180 खाद्य आपूर्ति विभाग, 181 से 270 दुकानों में हैफेड धान की खरीद करेगी। किसानों के सामने ढेरी के ऊपर व नीचे से दो बार सैंपल किए जाए और उन्हें समझाएं कि उनकी ढेरी में नमी है और इसको थोड़ा हवा लगाई जाए। उन्होंने एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल से धान की खरीद करें। नायब सरकार एक-एक दाने की खरीद करेगी। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी दी जाएगी।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एसडीएम को निर्देश दिए कि इन तीनों एजेंसियों द्वारा की गई खरीद की रिपोर्ट भिजवाएं। यदि कोई अधिकारी इस कार्य में लापरवाही बरतेगा तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों से धान के उठान कार्य में तेजी लाएं।
मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पंजीकरण की समस्या के दृष्टिगत मंत्री ने कहा कि आज और 8 अक्टूबर को पोर्टल खुला है, कोई भी किसान पंजीकरण करवा सकता है। मंडियों में एक-एक पटवारियों की ड्यूटियां लगाई गई है, वहीं कमेटी गठित की गई है, जो इस कार्य को समुचित तरीके से करवाएगी। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे मंडियों में धान की फसल बेचने से पहले सुखाकर लाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार कोई समस्या का सामना न करना पड़े।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि मंडी में बिजली, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त बारदाना सहित किसानों के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं समुचित रूप से उपलब्ध रखें। मंडी में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार द्वारा प्रदेश में 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है, जिससे किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है।
