93 हजार से ज्यादा मामलों का निपटारा, राष्ट्रीय लोक अदालत में 15.68 करोड़ रुपये से अधिक का सेटलमेंट
गुरुग्राम | जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा अध्यक्ष, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए गुरुग्राम नरेंद्र सूरा के निर्देशन में संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के मामलों के निपटारे हेतु कुल 21 बेंचों का गठन किया गया। इसके अलावा उपमंडल सोहना और पटौदी में भी एक-एक विशेष लोक अदालत बेंच स्थापित की गई।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए गुरुग्राम निशा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सोहना एवं पटौदी सहित विभिन्न न्यायालयों में लंबित तथा प्री-लिटिगेशन श्रेणी के करीब 1 लाख 47 हजार 144 मामलों को रखा गया। इनमें से 93 हजार 639 मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 15 करोड़ 68 लाख 42 हजार 235 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त ट्रैफिक चालानों के त्वरित निपटारे एवं आमजन की सुविधा हेतु डीएलएसए, गुरुग्राम द्वारा टावर ऑफ़ जस्टिस में ग्राउंड फ्लोर एंट्रेंस पर और विकास सदन में विशेष ट्रैफिक हेल्प डेस्क स्थापित की गई थी। इस व्यवस्था के माध्यम से लोगों को अपने चालानों की जानकारी प्राप्त करने एवं उनका शीघ्र निस्तारण कराने में अत्यधिक सुविधा मिली।
राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया तथा लोक अदालत की व्यवस्था पर विश्वास व्यक्त किया। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा भविष्य में भी आमजन को सुलभ, त्वरित एवं किफायती न्याय उपलब्ध करवाने हेतु इस प्रकार के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।
