हरियाणा के किसानों को बड़ी राहत, फसल पंजीकरण के लिए फिर से खुला ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल
हरियाणा के किसानों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने खरीफ-2026 की फसलों का पंजीकरण कराने से छूटे किसानों को एक और मौका दिया है और 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल को फिर से खोल दिया है। अब किसान इस पोर्टल पर 21 से 27 सितंबर तक अपनी खरीफ फसलों का पंजीकरण करवा सकेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सीजन में किसानों को किसी भी दिक्कत व परेशानी का सामना ना करना पड़े। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल को किसानों के लिए 21 से 27 सितंबर तक आवेदन के लिए खोला जा रहा है। जिन किसानों की वेरिफिकेशन का कार्य पेंडिंग है, वो एसडीएम के पास अपना आवेदन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की फसल के वेरिफिकेशन और एमएफएमबी पोर्टल पर आवेदन ना होने की जानकारी संज्ञान में आई थी। जिसको देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को पोर्टल ओपन करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब 21 से 27 सितंबर तक पोर्टल ऑन रहेगा, जहां पर किसान अपना आवेदन कर सकते हैं और जिन किसानों के आवेदन की वेरिफिकेशन पेंडिंग है वो अपने एसडीएम को लिखित में दें, ताकि उनका वेरीफिकेशन करवाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही किसानों के लिए नीतियों और योजनाओं को लागू किया है। प्रदेश के किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। सब्जी की फसलों पर भावांतर भरपाई योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपए वार्षिक सीधे खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों की फसलों का बीमा किया जा रहा है। इसके साथ ही अनुदान पर कृषि यंत्रों को मुहैया करवाया जा रहा है।
