विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित

 
विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित


सिरसा, 20 नवंबर। रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर शुक्रवार को अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रानियां लोकेश शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के संशोधित कार्यक्रम तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य 30 नवंबर तक तथा प्राप्त गणना प्रपत्र के निपटान का कार्य 10 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं, हरियाणा में दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने तथा उनके निस्तारण की अवधि 31 जुलाई से 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा।
बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता श्रेणी के मतदाताओं के पुन: सत्यापन को लेकर भी जानकारी दी गई। ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के दौरान जिन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित किया गया था, उन्हें दोबारा सत्यापन का अवसर दिया गया है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं का पुन: सत्यापन करेंगे। साथ ही उनसे दोबारा गणना प्रपत्र भरवाकर इसकी जानकारी बीएलओ एप पर अपडेट की जाएगी। इस कार्य के लिए 18 नवंबर से 30 नवंबर तक की अवधि निर्धारित की गई है।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के संबंध में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, ताकि पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, निर्धारित तिथियों एवं आवश्यक कार्यवाही के बारे में जानकारी मिल सके और कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।