मेरा युवा भारत की जि़ला सलाहकार समिति की  बैठक आयोजित  

 
 मेरा युवा भारत की जि़ला सलाहकार समिति की  बैठक आयोजित  

हिसार, 24 जुलाई।
मेरा युवा भारत संगठन की जि़ला सलाहकार समिति की पहली बैठक उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं के कल्याण, कौशल विकास और उन्हें प्रशासनिक व सामाजिक रूप से मुख्यधारा से जोडऩा था। बैठक में आगामी योजनाओं को लेकर पांच प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में बताया गया कि 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए माय भारत पोर्टल पर बड़े पैमाने पर पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 15 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए एक ठोस रणनीतिक योजना तैयार की गई है। विभिन्न सरकारी विभागों को अनिवार्य रूप से पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इसके लिए समन्वय ढांचे  को क्रियान्वित किया जाएगा ताकि सभी विभाग मिलकर युवाओं के विकास के लिए एक मंच पर काम कर सकें। जिले के सभी प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और केंद्रों में तुरंत नोडल अधिकारी और कैंपस एंबेसडर नियुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं, जो कॉलेज और स्कूल स्तर पर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान:
युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जि़ले में एक व्यापक कार्य योजना लागू की जाएगी। इस अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों से कार्यक्रम स्थल, जूरी पैनल और मीडिया पब्लिसिटी के रूप में आवश्यक प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित की जाएगी ताकि अधिकतम युवाओं को इससे जोड़ा जा सके। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का एक बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और शैक्षणिक संस्थानों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी तालमेल के साथ काम करने की अपील की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।