गुरुग्राम में स्टॉर्म वॉटर और रिसाइकिल पानी के प्रबंधन को लेकर हुई बैठक

 
गुरुग्राम में स्टॉर्म वॉटर और रिसाइकिल पानी के प्रबंधन को लेकर हुई बैठक

गुरुग्राम, 8 मई- डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि शहर में पानी के बेहतर उपयोग और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होंने ये बातें लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

बैठक में गुरुग्राम शहर के स्टॉर्म वॉटर और रिसाइकिल पानी को डायवर्ट करने संबंधी परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस कार्य के लिए नियुक्त एजेंसी के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष परियोजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं और कार्य योजना की जानकारी साझा की। बैठक के दौरान ड्रेनेज सिस्टम, पानी के बहाव और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

डीसी उत्तम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जीएमडीए, इरीगेशन विभाग और संबंधित एजेंसी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परियोजना का लाभ शहर को मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित समीक्षा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में डीआरओ विजय यादव, ईई जीएमडीए विक्रम सिंह, एसई आत्माराम, एक्सईएन आफताब रहमान, एसडीओ इरीगेशन पलवल अंकित सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विनय, टीम लीडर एनकेआई जगन निवास, कोऑर्डिनेटर केएस राव, ड्रेनेज डिजाइनर मुस्तफा हुसैन, सीएडी डिजाइनर विवेकानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।