आपसी सहमति से सुलझेंगे विवाद, जिले में शुरू हुआ मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान

वैवाहिक, बैंक, चेक बाउंस, संपत्ति और अन्य मामलों के त्वरित निपटारे पर रहेगा फोकस
 
आपसी सहमति से सुलझेंगे विवाद, जिले में शुरू हुआ मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान

 
हिसार, 04 अगस्त।
अदालतों में वर्षों तक चलने वाले विवादों का सौहार्दपूर्ण और कम खर्च में समाधान कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हिसार ने मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत न्यायालयों में लंबित और प्री-लिटिगेशन स्तर के ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका निपटारा आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से संभव है।

डीएलएसए की अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक के मार्गदर्शन तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव अशोक कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य लोगों को मुकदमेबाजी के बजाय आपसी समझौते के माध्यम से त्वरित, सरल और स्थायी समाधान उपलब्ध कराना है।


यह जानकारी देते हुए डीएलएसए सचिव अशोक कुमार ने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा मामले, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, उपभोक्ता विवाद, सेवा संबंधी मामले, व्यावसायिक एवं वाणिज्यिक विवाद, संपत्ति विभाजन, किरायेदारी सहित अन्य समझौतायोग्य मामलों को मध्यस्थता के लिए चिन्हित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मध्यस्थता ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से दोनों पक्ष आपसी सहमति के आधार पर विवाद का समाधान निकालते हैं। इससे न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है तथा पारिवारिक और सामाजिक संबंधों में भी मधुरता बनी रहती है। अभियान के दौरान मध्यस्थता योग्य मामलों की सूची न्यायालयों के नोटिस बोर्ड, सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों पर भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।


उन्होंने जिले के नागरिकों, अधिवक्ताओं, सरकारी विभागों तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकारों से इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इच्छुक व्यक्ति जिला न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हिसार कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।