Haryana में आज मैराथन, कई रास्ते रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले जानें एडवाइजरी
हरियाणा के नारनौल में आज मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। जिसको लेकर पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सुबह 5 बजे से 10 बजे तक मैराथन मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
दरअसल 9 अगस्त यानि आज नारनौल में मैराथन का आयोजन हो रहा है। इसके लिए महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा लोगों के लिए विशेष यातायात एवं सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है।
पुलिस पीआरओ नरेश कुमार ने बताया कि महेंद्रगढ़ रोड पर मैराथन का आयोजन होगा। 5 किलोमीटर मैराथन का मार्ग नूनी शेखपुरा मोड़ (4यू मॉल, हुड्डा रोड) से सूरज स्कूल तक रहेगा, जबकि 10 किलोमीटर मैराथन नूनी शेखपुरा मोड़ से हाजीपुर रोड होते हुए फिर नूनी शेखपुरा मोड़ तक आयोजित होगी। इस दौरान इन मार्गों पर यातायात आंशिक व पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
मैराथन में सुरक्षा को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए है। पूरे मैराथन मार्ग पर लगभग 80 सुरक्षा और यातायात चेक प्वाइंट बनाए गए है। जिनमें पुलिस अधिकारी और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। साथ ही अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
नो- पार्किग एरिया में वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाई
मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए पार्किग की भी खास व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े किए जाएं। नो-पार्किंग एरिया में वाहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वीआईपी और वीवीआईपी पार्किंग की अलग व्यवस्था भी रहेगी।
बता दें कि मैराथन आयोजन को लेकर 8 अगस्त को ही पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी थी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 08 अगस्त की सुबह से ही लहरोदा टाटला चौक से महावीर चौक की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। भारी वाहन अब महेंद्रगढ़ से 152डी मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं बस स्टैंड जाने वाले वाहनों को बाईपास मार्ग से होकर गुजरना होगा।
