बरवाला क्षेत्र के अनेक गांवों एवं शहरवासियों को मिलेगा सुगम आवागमन का लाभ
हिसार, 08 मई। बरवाला शहर की बहुप्रतीक्षित मोती वाली गली (मोती लुहार) से मंडी तक सडक़ निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस सडक़ के निर्माण से बरवाला शहर सहित आसपास के अनेक गांवों के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
यह जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि सडक़ निर्माण होने से बरवाला शहर तथा सरहेड़ा, मतलोडा, छान, भनभोरी, कुंभा एवं हसनगढ़ सहित आसपास के गांवों के लोगों को मंडी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कॉलेज, सचिवालय एवं न्यायालय तक पहुंचने के लिए सुगम एवं कम दूरी का मार्ग उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नागरिकों एवं विद्यार्थियों को इन स्थानों तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय की अधिक खपत होती है। सडक़ निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आमजन को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विशेष रूप से बरवाला शहर के वार्ड नंबर 15, 16, 17 एवं 18 के निवासियों के लिए यह सडक़ काफी लाभकारी सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार द्वारा सडक़, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
