हरियाणा के रोहतक में लिव- इन में रह रहे युवक की मौत, परिजनों ने युवती पर लगाया हत्या का आरोप

 
हरियाणा के रोहतक में लिव- इन में रह रहे युवक की मौत, परिजनों ने युवती पर लगाया हत्या का आरोप

हरियाणा के रोहतक में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को युवक अपने कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। जिसके बाद उसकी लिवइन पार्टनर ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस युवक को PGI लेकर पहुंची। लेकिन यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक युवक के परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया है। 

मृतक की पहचान टिटौली गांव निवासी 25 वर्षीय धीरज के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार धीरज पिछले एक साल से प्रवेश नगर में स्वीटी नाम की एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।

परिजनों बताया कि धीरज म्यूजिक स्टूडियो चलाता था और करीब 20 दिन पहले 1.75 लाख रुपए लेकर घर से गया था। रविवार को उन्हें सूचना मिली की धीरज की मौत हो गई है। उन्होनें कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उसके साथ कौन युवती रहती थी। हालांकि, कमरे से लिव-इन रिलेशनशिप का सर्टिफिकेट जरूर मिला है।

इस मामले में  धीरज के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और युवती पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होनें कहा कि धीरज के नाम 3 एकड़ जमीन है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपए है। पैसों के लिए लिव- इन पार्टनर ने ही धीरज की हत्या की है। उन्होंने मामले में युवती की पूरी जांच करने की मांग की है।


वहीं इस मामले में सुखपुरा चौकी के जांच अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि प्रवेश नगर में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है और उसके साथ एक युवती भी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को PGI लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और युवती से पुछताछ जारी है।