हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाएं, 9 से 17 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहेगा झज्जर : डीसी
हर घर तिरंगा, वंदे मातरम् अभियान एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा
13 व 14 अगस्त को होंगे विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रम
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों की बैठक में समयबद्ध जिम्मेदारियां निभाने तथा व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
झज्जर, 5 अगस्त
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा व वंदे मातरम अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी का महाअभियान है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 9 से 17 अगस्त तक पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बने तथा 9 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान के साथ फहराया जाए। उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, जिला में ऐसा कोई घर नहीं रहना चाहिए जहां तिरंगा न लहराए।
डीसी वर्षा खांगवाल बुधवार को अधिकारियों की बैठक में हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा एक पेड़ मां के नाम अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रही थी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों तथा गणमान्य नागरिकों के सहयोग से अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दें। उन्होंने बताया कि एडीसी जगनिवास इस विशेष कार्यक्रम के ओवर ऑल इंचार्ज रहेंगे।
हर घर पर फहराया जाएगा तिरंगा
डीसी ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यालय, प्रतिष्ठान एवं संस्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। राजस्व विभाग के अधिकारी एवं पटवारी अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज सम्मान पूर्वक फहराया जाए। साथ ही सभी सरकारी भवनों पर भी राष्ट्रीय ध्वज ध्वज संहिता के अनुरूप लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
13 व 14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि 13 व 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें श्रद्धांजलि सभाएं, कैंडल मार्च, संवाद कार्यक्रम, अनुभव साझा सत्र तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर युवाओं को देश के इतिहास और विभाजन की त्रासदी से अवगत कराया जाएगा, ताकि उनमें राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना और अधिक मजबूत हो।
स्कूल और महाविद्यालयों में होंगे देशभक्ति कार्यक्रम
डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्याख्यान, विचार गोष्ठियां, निबंध, भाषण, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त तिरंगा यात्राएं, साइकिल एवं बाइक रैलियां, वंदे मातरम् आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा रंगोली, प्रदर्शनी तथा सेल्फी विद तिरंगा जैसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय ध्वज ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेने का किया आह्वान
डीसी ने युवाओं एवं विद्यार्थियों से 15 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय ध्वज प्रश्नोत्तरी में अधिक से अधिक भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, ध्वज संहिता तथा राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी।
एक पेड़ मां के नाम अभियान को भी मिलेगा बढ़ावा
डीसी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान को भी गति दी जाएगी। सभी विभाग अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
लघु सचिवालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज के लिए बनेगा सेल काउंटर
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान के चलते आमजन को आसानी से तिरंगा उपलब्ध हो, इसके लिए लघु सचिवालय परिसर में स्वयं सहायता समूह के सहयोग से सेल काउंटर स्थापित किया जाए। इसके अलावा बीपीएल परिवारों के लिए जिला में राशन की सभी सरकारी दुकानों पर निर्धारित शुल्क के साथ तिरंगा झंडा की व्यवस्था की जाए।
सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आयोजन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक गतिविधि की रिपोर्ट जिला प्रशासन को समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् अभियान जिले में भव्य, प्रभावी और यादगार रूप से आयोजित किया जा सके।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम रवि मीणा, अभिनव सिवाच, रेणुका नांदल, विशाल कुमार, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम रितु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
