*राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा अगस्त, 2026 के दौरान गुरुग्राम क्षेत्र में प्रमुख राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षणों का संचालन*
गुरुग्राम, 24 जुलाई।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग द्वारा अगस्त, 2026 के दौरान राष्ट्रीय सेम्पल सर्वेक्षणों के अंतर्गत आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस), माइग्रेशन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा कृषि परिवारों का स्थिति आकलन सर्वेक्षण(एसएएस) का संचालन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय(क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग), उप-क्षेत्रीय कार्यालय,फरीदाबाद के अधिकार क्षेत्र में किया जाएगा।
इन सर्वेक्षणों के अंतर्गत गुरुग्राम जिला के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आँकड़ों का संकलन किया जाएगा। चयनित क्षेत्रों में गुरुग्राम नगर निगम, भोंडसी, गढ़ी हरसरु व ग्राम: उदयपुरी, पलासोली, नूरपुर झाड़सा, हालियाकी, शिकोहपुर, लखनोला, सकतपुर सम्मिलित हैं। ये सर्वेक्षण रोजगार, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों तथा घरेलू आय, प्रवासन के कारण, पारिवारिक संपत्ति और ऋण का आकलन, कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन।से संबंधित विश्वसनीय सांख्यिकीय आँकड़े उपलब्ध कराते हैं, जो साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णयों एवं सामाजिक-आर्थिक नियोजन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उसका उपयोग केवल सांख्यिकीय प्रयोजनों के लिए किया जाएगा।
