दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल देवसर व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दिनोद में विधिक जागरूकता शिविर, पौधारोपण कर विद्यार्थियों को वितरित किए पौधे

 
 दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल देवसर व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दिनोद में विधिक जागरूकता शिविर, पौधारोपण कर विद्यार्थियों को वितरित किए पौधे

भिवानी 18 जुलाई । जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) भिवानी डॉ. गगनदीप कौर सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव डीएलएसए पवन कुमार ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, देवसर तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दिनोद में बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 विषय पर विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे वितरित किए।

शिविर को संबोधित करते हुए सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि पॉक्सो अधिनियम बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने वाला एक प्रभावी और संवेदनशील कानून है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, अपराधों की जांच प्रक्रिया, दोषियों के लिए निर्धारित दंड तथा पीड़ित बच्चों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति कानून की दृष्टि में बच्चा है और ऐसे मामलों में नाबालिग की सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं होता।

पैनल अधिवक्ता प्रिया लेघा, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की सोशल वर्कर रिंकू तथा अधिकार मित्र मीना कौशिक ने पॉक्सो अधिनियम के तहत अनिवार्य सूचना देने के प्रावधान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि किसी बच्चे के साथ यौन अपराध होने की जानकारी या संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित प्राधिकारी को देना प्रत्येक नागरिक का कानूनी दायित्व है।

उन्होंने सपोर्ट पर्सन एवं बाल पीड़ितों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विधिक सहायता अधिवक्ता और सपोर्ट पर्सन पूरी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान पीड़ित बच्चे के अधिकारों की रक्षा और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्य ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी का आभार व्यक्त किया। शिविर में डीएलएसए के प्रतिनिधियों, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।