विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित 

 
 विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित 

रोहतक, 17 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान के निर्देशानुसार आज विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर स्थानीय शमशेर बहादुर सक्सेना कॉलेज ऑफ लॉ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने विद्यार्थियों एवं कॉलेज स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है कि उसे समय पर और निष्पक्ष कानूनी सहायता उपलब्ध हो। आर्थिक या अन्य किसी कारण से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी नागरिक को निशुल्क कानूनी सहायता की आवश्यकता हो अथवा किसी प्रकार की कानूनी समस्या का सामना करना पड़ रहा हो तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक के कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला के सभी विधि महाविद्यालयों में लीगल एड क्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी एवं आमजन अपनी कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए सहजता से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को इन क्लीनिकों का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. तरन्नुम खान ने कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता विशाल ने विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों, समाधान समारोह, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज में विधिक जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा जरूरतमंद लोगों तक निशुल्क कानूनी सहायता संबंधी जानकारी पहुंचाएं। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापक, विद्यार्थी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।