Lado Luxmy Yojana: हरियाणा में महिलाओं के लिए खुशखबरी, अब 1.80 लाख की वार्षिक आय पर भी मिलेगा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर 2025 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जन्मतिथि पर उनके नाम से लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारम्भ किया गया था। जिसके तहत 23 वर्षों या उससे अधिक आयु की उन महिलाओं को प्रतिमाह 2100 की सहायता दी जा रही है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख से कम है। अब तक 9 लाख 22 हज़ार 452 लाभार्थी महिलाओं के खाते में 4 किस्तों में 634 करोड़ रुपये की राशि डाली जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से 13 हज़ार 602 परिवार 25,000 से कम वार्षिक आय वर्ग से ऊपर उठ गए हैं। एक लाख 53 हज़ार 284 परिवार 25000 से 50,000 की श्रेणी से निकल कर आगे बढे हैं तथा 3 लाख 23 हज़ार 236 परिवार 50, 000 से 75,000 की श्रेणी से निकल कर 75,000 से एक लाख वार्षिक आय की श्रेणी में आ गए हैं। इसी प्रकार 4 लाख 94 हज़ार 998 परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख से अधिक हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि इनमें से किसी भी परिवार को पहले से मिल रही किसी भी तरह की सुविधा जैसे हैप्पी कार्ड, मुफ्त राशन इत्यादि से वंचित नहीं किया गया है। इस योजना में एक परिवार की कितनी पात्र महिलाओं को लाभ मिल सकता है, इसकी कोई सीमा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के 54 हज़ार 785 परिवार ऐसे हैं जिनमें दो महिलाएं, 6 हज़ार 330 परिवारों में तीन महिलाएं और 521 परिवारों में चार महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2026 से हमने 1 लाख से 1.80 लाख की वार्षिक आय वाली उन महिलाओं को भी 21,00 मासिक लाभ देना शुरू किया, जिनके बच्चों ने कुपोषण से सामान्य स्तर पर पहुंचकर प्रगति दिखाई हो या जिनके बच्चों ने कक्षा 10वीं या 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये हों या फिर जिनके बच्चों ने निपुण भारत मिशन में कक्षा स्तरीय दक्षता प्राप्त की हो।
मुख्यमंत्री ने लोडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपए की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को घर पर आधारित देखभाल एवं मूलभूत चिकित्सीय सहायता प्रदान करने के लिए 1,000 वृद्ध देखभाल कर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा। साथ ही, वरिष्ठ नागरिक कल्याण क्लब भी बनाए जाएँगे।
