हरियाणा के पलवल में किक बॉक्सर की हत्या, दोस्तों ने कोल्डड्रिंक में दिया जहर!
हरियाणा के पलवल जिले से बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं। यहां एक 21 साल के किक बॉक्सर की हत्या कर दी गई। बॉक्सर के दोस्तों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाया। जिसके बाद उसे उल्टियां हुई और इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हालत बिगड़ने पर परिवार ने बेटे को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मगर, हालत सीरियस देखते हुए उसे फरीदाबाद रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्या है मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार पृथला गांव का रहने वाला 21 साल का गौरव तंवर अपने माता- पिता का इकलौता बेटा था। वह एक किक बॉक्सर था और कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था। इस मामले में गौरव के पिता राजेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है।
उन्होनें बताया कि 25 सितंबर को सुबह 10:00 बजे उनका बेटा गौरव घर से कंप्यूटर क्लास के लिए निकला था। शाम करीब 5:30 बजे गौरव घर वापस लौटा। लेकिन उसे बहुत ज्यादा उल्टियां हो रही थी। जब गौरव की मां ने इसकी वजह पूछी तो उसने बताया कि उसके दोस्त दीपक और राहुल ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी है।
गौरव की तबीयत काफी बिगड़ने लगी थी। जिसके बाद परिजन उसे पलवल के निजी अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने गौरव को फरीदाबाद के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां भी गौरव की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद उसे सेक्टर-62 के दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गौरव तंवर की मौत हो गई।
गौरव की मौत के बाद एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें देखा गया कि उसके दोस्त कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर उसे पिला रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाया गया था। जिसे पीने से गौरव की तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।
फिलहाल, पुलिस ने गौरव के पिता की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिवार ने उसकी मौत से पहले का एक वीडियो भी सौंपा है, जिसकी जांच की जा रही है।
