Khel Mahaakumbh: हरियाणा में खिलाड़ियों की बल्ले-बल्ले, 2 अगस्त से होगी खेल महाकुंभ की शुरुआत

Haryana News: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता में एकता सबसे बड़ी ताकत है। इसी कड़ी में “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के विजन को साकार करने और सांस्कृतिक सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से खेल महाकुंभ की शुरुआत की जा रही है। जिसके तहत 23 से 25 जुलाई 2025 तक कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
दरअसल, हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने यह बात आज प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में 24 राज्यों के करीब 600 युवा भाग लेंगे और जिसमें विभिन्न समुदायों की संस्कृति का आदान प्रदान होगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें ग्रुप फोग डांस, ग्रुप सांग, सांस्कृतिक गतिविधियां आदि रहेंगी।
प्रतिभा दिखाने के लिए होगा बहुत बड़ा मंच
खेल मंत्री गौरव ने कहा कि 31 अक्टूबर 2015 को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 140वीं जयंती के मौके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम की शुरूआत की थी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं के लिए प्रतिभा दिखाने के लिए बहुत बड़ा मंच होगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से एक प्रदेश दूसरे प्रदेश की संस्कृति और कला से रूबरू होगा। इस दौरान विभिन्न समुदायों के बीच एक, समानता और भाईचारे के मूल्यों को बढ़ावा मिलेगा। मौजूदा समय में हरियाणा की कला एवं संस्कृति और खेलों के प्रभाव से अन्य कई राज्य प्रेरित हैं।
2 अगस्त से होगी शुरुआत
खेल मंत्री ने कहा कि 2 अगस्त 2025 को खेल महाकुंभ की शुरुआत पंचकूला से होगी। इस खेल आयोजन में विभिन्न इवेंट में खिलाड़ी अपना दमखम और कौशल दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 1500 से ज्यादा खेल नर्सरियां खोली गई हैं। सरकार का हर साल 500 खेल नर्सरियां बनाने का लक्ष्य है।
पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपट रही
एक सवाल के जवाब में खेल मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपट रही है।