विपरीत परिस्थितियों में राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दे गया कारगिल युद्ध : डीसी
झज्जर, 26 जुलाई
जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष एवं डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि 26 जुलाई का दिन भारतीय इतिहास का वह अध्याय है जो साहस, त्याग व राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। विपरीत परिस्थितियों में भी भारतीय सेना ने 1999 में कारगिल युद्ध में जो अदम्य साहस का परिचय दिया वह राष्ट्र सर्वोपरि का साक्षात उदाहरण है। डीसी रविवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर झज्जर जिला मुख्यालय स्थित बाल भवन परिसर में कारगिल ऑपरेशन विजय स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन कर रही थी। उन्होंने जिला प्रशासन व इंडियन वेटर्नस ऑर्गेनाइजेशन हरियाणा के सहयोग से आयोजित सम्मान समारोह में कारगिल युद्ध के शहीद वीरांगनाओं व पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। गौरतलब है कि झज्जर जिला से 11 वीर सपूतों ने कारगिल युद्ध में शहादत दी थी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने शहीद के परिजनों व युवा शक्ति से सीधा संवाद करते हुए कहा कि हमारे रणबांकुरों की वीर गाथाएं आज भी हर भारतीय को यह याद दिलाती है कि आजादी व सुरक्षा का मूल्य केवल शब्दों से नहीं बल्कि वीर सपूतों के बलिदानों से चुकाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज हमारी जिम्मेदारी केवल उनके बलिदान को याद रखने में ही सीमित नहीं है बल्कि हमें वीर योद्धाओं के दिखाए मार्ग पर आगे बढक़र स्वर्णित एवं विकसित भारत बनाने में अपना अतुलनीय योगदान देना होगा। युवा शक्ति सकारात्मक दृष्टिïकोण से आगे बढ़ेगी तो निश्चित तौर पर हमारी वीर शहीदों को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी और यही कारगिल विजय दिवस पर सबसे बड़ा संदेश होगा।
डीसी ने कहा कि 26 जुलाई 1999 का दिन भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और अद्वितीय वीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों की शहादत राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनका त्याग, साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ीयों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
डीसी ने कहा कि सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवारों का सम्मान करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जिन परिवारों ने अपने बेटे, पति या पिता को देश की रक्षा के लिए समर्पित किया है, उनका योगदान भी किसी बलिदान से कम नहीं है। प्रशासन सदैव सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके कार्यों को सरकारी कार्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर इंडियन वेटर्नस ऑर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष वेटनर सुरेंद्र सिंह यादव, कैप्टन राजकिशन हरित, कारगिल योद्धा कैप्टन सत्यवीर सिंह, सैनिक संघ हांसी जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह, फतेहाबाद जिला अध्यक्ष डॉ.गोपी, हिसार जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तथा प्रशासन की ओर से जिला सैनिक बोर्ड के सचिव राजीव कुंडू, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा, पूर्व सैनिक, शहीद वीरांगनाओं ने अमर शहीदों को नमन किया।
