शहीद स्मारक पर जर्नलिस्ट क्लब आज दीप जलाकर देगा शहीदों को श्रद्धांजलि

 
 शहीद स्मारक पर जर्नलिस्ट क्लब आज दीप जलाकर देगा शहीदों को श्रद्धांजलि

भिवानी।

दीपावली की पूर्व संध्या पर जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के सदस्य नेहरू पार्क के शहीद स्मारक पर मोमबत्तियां जला कर जाने-अनजाने शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। क्लब के प्रधान ईश्वर धामु ने बताया कि क्लब देशभक्ति का यह आयोजन पिछले आठ सालों से कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता और स्वतंत्रता के लिए अपनी जान कुर्बान करने वाले शहीदों का सम्मान आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा होगा। यह सम्मान केवल शहीदों का ही नहीं अपितु राष्ट्र के प्रति कृतक्षता जताना भी है। उन्होने कहा कि अपने शहीदों का सम्मान न करने वाली कौम अधिक समय तक जीवित नहीं रहती। उन्होने यह भी बताया कि क्लब के सदस्य दीपावली पर एक दीया शहीदों के नाम भी जलाते हैं। हमारी अपील पर अपने शहर और प्रदेश में ही नहीं अपितु विदेश में बसे भारतीय भी इस अभियान में शामिल हुए हैं। धामु ने बताया कि इस बार हमने शिक्षण संस्थाओं माध्यम से एक दीया शहीदों के नाम मुहिम को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है। इस प्रयास में हमें बड़ी सफलता भी मिली है। भिवानी के अलावा तोशाम और समीपी गांवों के अनेक स्कूलों में छात्रों को दीपावली पर एक दीया शहीदों के नाम जलाने की शपथ दिलाई गई है। क्लब के सचिव मुकेश वत्स के नेतृत्व में चलाए गए इस मुहिम के प्रथम चरण में बड़ी सफलता मिली है। हम इस मुहिम को अगली साल कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर  तक लेकर जायेंगे।