महेन्द्रगढ़ में जेजेपी करेगी रिकॉर्ड रैली, भाजपा का घमंड तोड़ेगी जनता - डॉ. अजय सिंह चौटाला

 
महेन्द्रगढ़ में जेजेपी करेगी रिकॉर्ड रैली, भाजपा का घमंड तोड़ेगी जनता - डॉ. अजय सिंह चौटाल

चंडीगढ़, 21 नवम्बर। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि छह दिसंबर को जेजेपी अहीरवाल की पावन धरा महेंद्रगढ़ में ऐतिहासिक रैली करने जा रही है, जिसका असर हरियाणा की राजनीति में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से जेजेपी रिकॉर्ड तोड़ रैली करेगी और भाजपा का घमंड तोड़ेगी। वे शनिवार को फतेहाबाद में जेजेपी की महेंद्रगढ़ में होनी वाली जन-जन अधिकार रैली का न्यौता देने पहुंचे थे।

 

जेजेपी प्रमुख डॉ. अजय सिंह चौटाला ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि भाजपा ने धान की खरीद में बड़ा घोटाला करके किसानों के हकों पर डाका डाला है। उन्होंने कहा कि फसलों के दामों में केवल मामूली बढ़ोतरी करके सरकार किसानों की आमदनी दोगुना करने का दावा कैसे कर सकती है ? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में किसानों को समय पर न तो डीएपी मिल रही है और न ही यूरिया उपलब्ध हो पा रही है। उन्होंने कहा कि आज किसान अपनी फसल बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं और प्रदेश के किसानों की ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई। डॉ चौटाला ने कहा कि बीजेपी से हर वर्ग दुखी है और जनता प्रदेश में बदलाव लाना चाहती है। इस दौरान डॉ अजय सिंह चौटाला ने अनेक युवाओं को पटका पहनाकर जेजेपी में शामिल करवाया और उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान देने की बात कही।