झज्जर डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा-मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और सुधार का अंतिम अवसर, 30 सितंबर
झज्जर,15 सितंबर
झज्जर जिला के युवा अगर आप 18 साल की आयु पूर्ण कर चुके हैं तो आप भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला झज्जर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)अभियान में भागीदार बनते हुए फार्म-6 भरकर प्रजातंत्र के मजबूत प्रहरी बनें। यह आवाह्न डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से किया। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अपडेट बनाने का कार्य प्रभावी रूप से जारी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा अपात्र नामों को हटाने और आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने जिला के पात्र युवा मतदाताओं से अपील की कि मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए भी दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर 30 सितंबर तक दावे एवं आपत्ति दर्ज किए जा रहे हैं साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जा रही है।
डीसी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर तक दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निपटान 28 अक्टूबर तक किया जाएगा जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 नवंबर को होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपना तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम और विवरण प्रारंभिक मतदाता सूची में समय रहते जांच लें।
फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से कराएं आवश्यक सुधार
डीसी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, मृत, अपात्र, स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता के नाम के संबंध में फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
1950 पर मिल रहा एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित अपडेट
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नागरिक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने अथवा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी आमजन के लिए उपलब्ध है। मतदाता सूची से संबंधित सहायता के लिए जहां लघु सचिवालय व ईआरओ कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित हैं वहीं आमजन को घर बैठे सुविधा प्रदान करने के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है जो एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित अपडेट जानकारी कॉल करने वालों को प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, विश्वसनीय एवं अद्यतन बनाया जा सकता है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है।
