Jhajhar News: जलभराव पर प्रशासन की पैनी नजर, बारिश के दौरान भी जल निकासी में एक्टिव रहे विभाग : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ झज्जर शहर के जलभराव क्षेत्रों का किया निरीक्षण
बारिश के बाद सड़कों व गलियों में ज्यादा देर तक जमा न रहे पानी, विभाग जरूरी उपकरण व संसाधन पहले से रखें तैयार- डीसी
झज्जर, 08 अगस्त
मानसून सीजन के मद्देनजर जिला के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सिंचाई, जनस्वास्थ्य और स्थानीय शहरी निकाय विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से जलनिकासी व्यवस्था करने में एक्टिव रहे और बरसात के दौरान भी जलभराव वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संसाधन से जल निकासी प्रभावी रूप से करते नजर आए।
डीसी वर्षा खांगवाल ने शनिवार को बरसात के उपरांत नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी के साथ शहरी निकाय, सिंचाई व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित झज्जर शहरी क्षेत्र में जल निकासी प्रबंधों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि बरसात के शुरू होने से लेकर समाप्ति तक व उसके बाद जल निकासी प्रबंधों से संबंधित हर परिस्थिति पर जिला प्रशासन की पैनी नजर है और यथा संभव कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर बरसाती पानी की निकासी व्यवस्थित ढंग से हो इसके लिए संबंधित विभागों की टीम फील्ड में एक्टिव रही और जहां कहीं भी निचले स्थानों पर पानी निकासी नहीं हो पा रही थी वहां वैकल्पिक व्यवस्था से पानी निकासी प्रबंध किए गए।
डीसी ने शहर के कच्चा बादली रोड, बेरी रोड, छारा चुंगी रोड, पुराना तलाव रोड के साथ साथ शहर के छोटे बाईपास के साथ लगती ड्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पर्याप्त उपकरणों का प्रयोग करते हुए जलभराव न होने देने के आदेश दिए। साथ ही अन्य संभावित जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए वहां विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
बारिश के बाद ज्यादा देरी तक न हो जलभराव
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि बरसात के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन की आवाजाही, यातायात और दैनिक गतिविधियां प्रभावित न हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले स्थानों पर पहले से आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद ज्यादा देरी तक सडक़ों अथवा गलियों में जलभराव न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है। इसके लिए जलभराव वाले स्थानों की लगातार निगरानी के साथ-साथ वहां त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में करें निगरानी, संयुक्त टीम भी रहें सतर्क
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर, बेरी, बहादुरगढ़ और बादली के एसडीएम अपने-अपने उपमंडल क्षेत्रों में जल निकासी कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की संयुक्त निरीक्षण टीम संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का नियमित दौरा कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पूर्व में जलभराव की समस्या सामने आई है, वहां विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव, हेल्पलाइन नंबर जारी
डीसी ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लघु सचिवालय, झज्जर में 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक किसी भी जलभराव या संबंधित समस्या की सूचना 01251-254270 हेल्पलाइन नंबर पर दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग की एक्सईएन प्रतिभा मुदगिल, जनस्वास्थ्य विभाग से कार्यकारी अभियंता अश्वनी सांगवान, नगर परिषद के ईओ दविन्दर कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
