जन कल्याण शिविर : सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पंजीकरण के लिए लगाई गई विभिन्न विभागों की स्टॉल
सिरसा, 18 जून।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन की ओर से लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग, रोजगार विभाग, बिजली निगम, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, क्रिड - परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) शाखा सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। शिविर में आए लोगों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों के सुधार, बिजली संबंधी शिकायतों, कृषि योजनाओं तथा अन्य जनसेवाओं से जुड़े मामलों की जानकारी प्राप्त की।
जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों से अवगत करवा रही प्रदर्शनी
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों से अवगत करवाने के उद्देश्य से सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। विभाग के कर्मचारियों द्वारा सरल केंद्र में आने वाले लोगों को प्रदर्शनी दिखाई जा रही है और योजनाओं के बारे में अवगत करवाया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं से जोडऩा तथा पात्र नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित में किए गए कार्यों की जानकारी आमजन को रूबरू करवाया जा रहा है।
