25 साल की निष्ठा का मिला सम्मान: जगदीश इंदौरा बने हिसार-1 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष
हिसार। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक अध्यक्षों की पहली सूची जारी कर दी गई है। लंबे समय से संगठनात्मक नियुक्तियों का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं के बीच जारी इस सूची में गांव मात्रा श्याम निवासी जगदीश इंदौरा को हिसार-1 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जगदीश इंदौरा की नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव में मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई तथा फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया। ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के प्रति उनकी वर्षों की निष्ठा और समर्पण का सम्मान बताया।
जगदीश इंदौरा पिछले करीब 25 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हेडमास्टर हैं तथा वर्तमान में सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। उनके परिवार का भी कांग्रेस से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पुत्र संदीप इंदौरा को युवा कांग्रेस में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली थी।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश इंदौरा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अनिल मान की नियुक्तियों में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नलवा क्षेत्र में कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। गांव चिड़ोद निवासी रमेश श्योराण को हिसार-2 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
