आईटीआई में युवाओं को साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और सडक़ सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

 
 आईटीआई में युवाओं को साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और सडक़ सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

हिसार, 04 अगस्त।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सचदेवा ने की।


प्रधानाचार्य ने कहा कि सेमिनार का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय की प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं में चेतना विकसित की जा रही है।

प्रधानाचार्य सुनील कुमार सचदेवा ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, नशामुक्ति, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में मुख्य वक्ता हरियाणा पुलिस के एएसआई (ट्रैफिक) कमल सिंह ने सडक़ सुरक्षा के नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय यातायात नियमों का पालन करना है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। महिला सुरक्षा विषय पर उन्होंने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

उन्होंने हरियाणा पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 का निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साइबर अपराधों पर चर्चा करते हुए एएसआई कमल सिंह ने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य व्यक्तिगत विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।


इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रभारी ऋतु अरोड़ा, बीवाईसीओ ललित कुमार, जेवाईसीओ दीपक कटारिया, ग्रुप इंस्ट्रक्टर सुधीर, सुमित कुमार, सुनील कुमार, सुमन, प्रदीप कुमार दुग्गल, अनीता, मनजीत सहित संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।