भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ का हिसार में सीधा प्रसारण

 
 भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ का हिसार में सीधा प्रसारण,

हिसार, 17 जुलाई।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज आधुनिक बुनियादी ढांचे, हरित ऊर्जा, रेलवे, सडक़, जल, डिजिटल तकनीक और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ केवल एक नई रेल सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता का प्रतीक है। यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत और हरित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ तथा लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान जींद से प्रधानमंत्री के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने देखा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां एवं स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे, सडक़, ऊर्जा, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हो रहे अभूतपूर्व निवेश से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी तथा आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार होगा।
पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ तथा लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की तकनीकी क्षमता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे हरियाणा की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेंगी। इनसे निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
महापौर प्रवीन पोपली ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। बेहतर सडक़ नेटवर्क, गुणवत्तापूर्ण पेयजल और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ ने कहा कि प्रदेश में सडक़, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में हरियाणा वन विकास निगम के अध्यक्ष रवि सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, भाजपा कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, उपायुक्त महेंद्र पाल, गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, पूर्व मेयर शकुन्तला राजलीवाला, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी मानी, जिला नगर आयुक्त सी. जयाश्रद्धा, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, कृष्ण सरसाना, नरेश नैन, सीईओ सुभाष चंद्र, सीटीएम रोहित, रामचंद्र गुप्ता, डीआईओ दीपक भारद्वाज, संजीव रेवड़ी, राजेंद्र सपरा, महावीर प्रसाद, मनदीप मलिक सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का दिया गया विशेष संदेश :
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षक पहल यह रही कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधि इलेक्ट्रिक व्हीकल से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। महापौर प्रवीण पोपली, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, एसडीएम ज्योति मित्तल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी लघु सचिवालय परिसर से एक साथ इलेक्ट्रिक सिटी बस में सवार होकर गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इस पहल के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित परिवहन को अपनाने तथा कार्बन उत्सर्जन कम करने का संदेश दिया गया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित एवं सतत विकास के संकल्प के अनुरूप रहा।