धूमधाम से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, अधिकारी निष्ठा व लग्न से निभाएं ड्यूटी : नगराधीश अजय सिंह
सिरसा, 04 अगस्त। नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह व जोश के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए जो दायित्व उन्हें सौंपा गया है उस कार्य को पूरी निष्ठा व लग्न से तय समय सीमा में पूरा करें।
नगराधीश लघु सचिवालय स्थित सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। नगराधीश ने कहा कि समारोह की फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीदी स्मारक, स्वतंत्रता सेनानी स्मारक व समारोह स्थल को विशेष रूप से सजाया जाए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग अपने अधीन अधिकारियों और कर्मचारियों की पूर्ण जानकारी भेजें। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल, बिजली व्यवस्था और प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विचार विमर्श किया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत होंगे देशभक्ति से ओतप्रोत विविध आयोजन
जिला में 09 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत पूरा जिले में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इस अभियान की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के दौरान प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यालय, प्रतिष्ठान एवं संस्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके साथ ही वंदे मातरम् थीम पर देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, तिरंगा बाइक रैली, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा यात्राएं, सेल्फी विद तिरंगा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे की आकर्षक रोशनी एवं सजावट, देशभक्ति आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं भी होंगी। उन्होंने अभियान से संबंधित सभी तैयारियों पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को तय समय में व्यवस्था पूर्ण करने के निर्देश दिए।
