मानसून के मद्देनजर डीसी के निर्देशों के चलते पानी निकासी की स्थिति जायजा लेने पहुंचे अधिकारी

 
 मानसून के मद्देनजर डीसी के निर्देशों के चलते पानी निकासी की स्थिति जायजा लेने पहुंचे अधिकारी

भिवानी, 27 जून। सरकार के निर्देशानुसार बरसात के मौसम मद्देनजर डीसी साहिल गुप्ता ने जिले में शहरी क्षेत्र में पानी निकासी प्रणाली की सफाई, गाद निकासी (डी-सिल्टिंग) तथा रखरखाव कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। डीसी ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी के आदेशानुसार भिवानी शहरी क्षेत्र  एवं बवानीखेड़ा में सफाई, डी-सिल्टिंग और ड्रेनेज रखरखाव कार्यों का निरीक्षण की जिम्मेवारी भिवानी के एसडीएम महेश कुमार को सौंपी गई है। एचएसवीपी द्वारा कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान करेंगे। नगर परिषद लोहारू एवं सिवानी क्षेत्र के कार्यों के निरीक्षण की जिम्मेवारी संबंधित एसडीएम को सौंपी गई है।
इसी प्रकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा भिवानी शहर एवं बवानीखेड़ा में किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण जिला नगर आयुक्त हरबीर सिंह करेंगे, जबकि लोहारू, तोशाम एवं सिवानी उपमंडलों में पीएचईडी के कार्यों का निरीक्षण संबंधित एसडीएम करेंगे।
डीसी नेे स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही पाई जाती है तो उसे रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए तथा तत्काल कार्रवाई की जाए। सभी विभाग निरीक्षण से संबंधित अभिलेख एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
डीसी के निर्देशों के चलते डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने भिवानी शहर में औद्योगिक क्षेत्र में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा करवाए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में पानी निकासी की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है ताकि समय रहते नालों की सफाई करवाई जा सके और पानी निकासी बिना किसी रूकावट के हो सके।