रेलवे का बैरियर से टकराने के मामले में मोटरसाइकिल छुड़वाने और सजा से बचाने के नाम पर 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाला आरपीएफ का एएसआई 3 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
चंडीगढ़, 19 नवंबर। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), फरीदाबाद की टीम ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आरपीएफ पोस्ट कोसी कलां पर तैनात है।
- मोटरसाइकिल छुड़वाने और सजा से बचाने के नाम पर मांगे थे 3 लाख रुपये
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी कि उसकी मोटरसाइकिल गलती से होडल के पास रेलवे क्रॉसिंग के बूम बैरियर से टकरा गई थी। आरोप है कि इस मामले में मोटरसाइकिल छुड़वाने और उसे दोषसिद्ध होने से बचाने की एवज में आरपीएफ के एएसआई विक्रम सिंह ने उससे कुल 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से 2 लाख 97 हजार रुपये ले चुका था और शेष 3 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
- शेष 3 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसवी एंड एसीबी यूनिट फरीदाबाद के इंचार्ज निरीक्षक विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई विक्रम सिंह को शिकायतकर्ता से शेष 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत की गई।
- भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
आरोपी एएसआई विक्रम सिंह के विरुद्ध एफआईआर संख्या 29, दिनांक 19 नवंबर 2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
