हरियाणा में 11 साल की छात्रा ने बेटी को दिया जन्म, पांचवीं कक्षा में पढ रही पीड़िता, जच्चा बच्चा स्वस्थ
हरियाणा के यमुनानगर में पांचवीं कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा ने बेटी को जन्म दिया है। छात्रा रेप पीड़िता है, उसके साथ फैक्ट्री मालिक के ड्राइवर ने दुष्कर्म किया था जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी थी। आरोपी जेल में बंद है।
जानकारी के मुताबिक पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ कुछ महीने पहले रेप की घटना हुई थी जिसके बाद छात्रा के पेट में दर्द हुआ तो सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया था। जहां पर डॉक्टरों ने जब जांच की तो बच्ची गर्भवती निकली। इसके बाद तुरंत ही डॉक्टरों ने छात्रा को ट्रीटमेंट देना शुरु किया और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
नाबालिग छात्रा की मां के मुताबिक बेटी ने बताया कि नवंबर 2025 में सलेमपुर खादर निवासी राकेश कुमार ने फैक्ट्री में उसके साथ गलत काम किया था। जिसके बाद आरोपी ने कई बार उसकी मां को भी फैक्ट्री से नौकरी से निकलवाने की धमकी दी थी। उसके बाद उसने डरा धमकाकर कई बार दुष्कर्म किया।
परिजनों की शिकायत पर छछरौली थाना पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया। वहीं, लड़की की मेडिकल जांच कराई गई। जिसमें सामने आया कि वह सात माह की गर्भवती हो चुकी है। मेडिकल कंडीशन के हिसाब से उसका अबॉर्शन कराना संभव नहीं था।
CMO डॉ. जितेंद्र ने बताया कि दुष्कर्म पीड़िता बच्ची को मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह उसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई, जिसमें उसने एक बच्ची को जन्म दिया। फिलहाल जच्चा और नवजात, दोनों स्वस्थ हैं।
