IMT Manesar Strike: हरियाणा के IMT मानेसर में तोड़फोड़ पर एक्शन में पुलिस, इन लोगों के खिलाफ किया केस दर्ज
IMT Manesar Strike: हरियाणा के गुरुग्राम जिला के आईएमटी मानेसर में कुछ लोगों द्वारा हड़ताल के दौरान निजी कंपनी में तोड़फोड़ की गई । पुलिस द्वारा समझाने पर भी वे नहीं माने और आरोपियों ने पुलिस बल पर पथराव किया।
इसके अलावा कुछ निजी व सरकारी वाहनों को नुकसान भी पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस बल द्वारा कानून व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए भीड़ पर हल्का बल प्रयोग किया गया। तोड़फोड़ करने, सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा पुलिस पर पथराव करने पर थाना आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम में अज्ञात लोगों के विरुद्ध अभियोग अंकित किया गया है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए समुचित संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण तथा नियंत्रण में है। पुलिस ने श्रमिकों से अपील है कि किसी भी शरारती तत्व के बहकावे में ना आएं तथा सभी श्रमिक नियमित रूप से अपनी अपनी कंपनियों में काम करें।
