असुरक्षित बोरवेल और ट्यूबवेल को चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से करें सील: साहिल गुप्ता

 
 असुरक्षित बोरवेल और ट्यूबवेल को चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से करें सील: साहिल गुप्ता

भिवानी, 07 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता ने मानसून के मद्देनजर खुले, लावारिस, अधूरे बोरवेल/ट्यूबवेल यानी असुरक्षित बोरवेल से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिले के सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। डीसी ने कहा है कि खुले या असुरक्षित बोरवेल आमजन, विशेषकर बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। ऐसे में सभी विभाग अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में सर्वे कर अनुपयोगी, अधूरे अथवा खुले बोरवेल और ट्यूबवेल की पहचान उनको सुरक्षित तरीके से सील करें ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। भविष्य में किसी भी खुले बोरवेल को असुरक्षित ना छोड़ा जाए।
उल्लेखनीय है कि बरसात का मौसम शुरु हो चुका है। बरसात के दौरान खुले व असुरक्षित बोरवेल हादसों का कारण बन जाते हैं। इसी के चलते डीसी ने खुले व असुरक्षित बोरवेल को सुरक्षित तरीके से सील करने के निर्देश जारी किए हैं।
डीसी ने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यकारी अभियंताओं, नगर निकायों, पंचायत राज संस्थाओं एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट में जिले में मिले खुले/अनुपयोगी बोरवेलों की संख्या, सुरक्षित किए गए बोरवेलों का विवरण तथा यदि कोई मामला लंबित है तो उसके कारण और संभावित पूर्णता तिथि का उल्लेख करना होगा।
 डीसी श्री गुप्ता ने अपने आदेशों में कहा है कि इस मामले को प्रमुखता व गंभीरता से लिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या आदेशों की अवहेलना होने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।