*फरीदाबाद में ₹30 हजार की रिश्वत लेते एचवीपीएनएल का एक्सईएन दीपक विजिलेंस टीम द्वारा रंगे हाथ गिरफ्तार*

 
*फरीदाबाद में ₹30 हजार की रिश्वत लेते एचवीपीएनएल का एक्सईएन दीपक विजिलेंस टीम द्वारा रंगे हाथ गिरफ्तार*

*फरीदाबाद, 28 जुलाई।* हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) के कार्यकारी अभियंता (XEN) दीपक गर्ग को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में एफआईआर संख्या 18 दिनांक 28.07.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

*क्या था मामला-*

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि एचवीपीएनएल, टीएस डिवीजन, सेक्टर-23, फरीदाबाद में तैनात एक्सईएन दीपक गर्ग उसके लंबित बिलों का भुगतान जारी करने के एवज में ₹30,000 की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के उपरांत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद की टीम ने ट्रैप लगाया। ट्रैप के दौरान आरोपी दीपक गर्ग को शिकायतकर्ता से ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई।

*जनहित अपील:*

यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अपने वैधानिक कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप नंबर 94178-91064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।