सिंहासन ऊँचा हुआ, मन से हुआ विशाल।
जनता की आवाज़ को, समझे तुच्छ सवाल॥
राजमहल में बैठकर, भूला जन का दर्द।
वक्त लिखेगा एक दिन, सत्ता का निष्कर्ष॥
ताज पहनकर भूल मत, जन-जन का अधिकार।
जनता ही करती समय, सत्ता का उद्धार॥
कुर्सी का अभिमान जब, दे आँखों को मात।
शासक को खलती तभी, जनहित की हर बात।।
बंद महल के द्वार पर, लोकतंत्र लाचार।
भीतर बैठे राजजन, बाहर जनता भार॥
जनता को जो मानता, केवल भीड़ समान।
वह शासक अब खो रहा, स्वयं ही जनाधार॥
सत्ता की मदिरा पिए, भूले नीति-विधान।
जनमत का तूफान फिर, करता सब नुकसान॥
तानाशाही सोच का, चाहे जितना जोर।
जनचेतन के सामने, टिके नहीं ये शोर॥
मत को केवल अंक मत, समझो जन विश्वास।
टूटे जब विश्वास तो, ढह जाता इतिहास॥
- डॉ. सत्यवान सौरभ
(डॉ. सत्यवान सौरभ, पीएचडी (राजनीति विज्ञान), एक कवि और सामाजिक विचारक है।)
