Hisar Airport: हिसार एयरपोर्ट से अब खराब मौसम और रात में भी उड़ान संभव, DGCA निरीक्षण के बाद मिली हरी झंडी
Hisar Airport: हरियाणा के इकलौते हिसार एयरपोर्ट को लेकर बड़ी खबर आई है। बता दें कि कि अब हिसार एयरपोर्ट पर रात के समय और खराब मौसम में भी हवाई सेवाओं का संचालन हो सकेगा। डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन ने हिसार एयरपोर्ट को IFR की मंजूरी दे दी है।
नवंबर 2025 में DGCA की टीम द्वारा एयरपोर्ट का निरीक्षण भी किया गया था। जिसके बाद आज 24 फरवरी को नाइट लैंडिंग (IFR ) के लिए परमिशन मिली है। आज से पहले हिसार एयरपोर्ट पर दिन के समय ही हवाई जहाज की लैंडिंग व टेक ऑफ की सुविधा थी।
DGCA निरीक्षण के बाद मिली हरी झंडी
6 और 7 नवंबर 2025 को DGCA की टीम ने हिसार एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था, जिसमें कई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी बिंदु सामने आए थे। इसके बाद AAI ने प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के साथ समन्वय कर सभी आपत्तियों को समाधान किया और DGCA को अनुपालन रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट मिलने के बाद 24 फरवरी 2026 को DGCA ने IFR संचालन की आधिकारिक मंजूरी दे दी।
24x7 ऑपरेशन की ओर बड़ा कदम
हिसार एयरपोर्ट को IFR मंजूरी मिलना बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे उड़ानों की सुरक्षा और विश्वनीयता बढ़ेगी। इससे एयरपोर्ट के 24x7 संचालन का रास्ता खुलेगा। हरियाणा की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
प्रदेश में भविष्य के एविएशन प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी। हिसार एयरपोर्ट की यह उपलब्धि हरियाणा को विमानन के नक्शे पर और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
