Hisar Airport: हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट पर आज से बढ़ेगी फ्लाइट सुविधा, नया शेड्यूल हुआ जारी 
 
hisar airport
Hisar Airport: हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से अब उड़ानों की संख्या बढ़ा दी गई है। इससे यात्रियों को अब अधिक शहरों के लिए हवाई सुविधा मिलेगी। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से आज से जयपुर, दिल्ली, अयोध्या और चंडीगढ़ के लिए उड़ानें चलेंगी। 1 नवंबर 2025 से जयपुर के लिए सप्ताह में दो दिन फ्लाइट शुरू हो रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

हिसार से जयपुर के लिए यह उड़ान शनिवार और रविवार को चलेगी। फ्लाइट दोपहर 12:35 बजे हिसार से उड़ान भरेगी और 1:35 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस उड़ान का किराया 1957 रुपये एक तरफा तय किया गया है। हिसार से जयपुर की दूरी लगभग 350 किलोमीटर है, जबकि रोडवेज बस का किराया करीब 400 रुपये है। पहले यह फ्लाइट सप्ताह में केवल एक दिन चलती थी, लेकिन अब वीकेंड पर सीधी हवाई सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा, हिसार से चंडीगढ़, दिल्ली और अयोध्या की फ्लाइटों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। चंडीगढ़ के लिए उड़ान सेवा 8 नवंबर से सप्ताह में तीन दिन यानी बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को चलेगी। इस फ्लाइट का किराया 1724 रुपये एक तरफा होगा। दिल्ली और अयोध्या के लिए उड़ानें शुक्रवार और रविवार को चलेंगी। दिल्ली का किराया 1580 रुपये और अयोध्या का किराया 3824 रुपये तय किया गया है।

हिसार एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल 26 अक्टूबर से लागू हो चुका है। इस शेड्यूल में उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। पहले हिसार से जयपुर, दिल्ली और अयोध्या के लिए केवल सप्ताह में एक दिन ही उड़ान होती थी, जबकि चंडीगढ़ फ्लाइट दो दिन यानी बुधवार और शनिवार को चलती थी। अब नई समयसारिणी के साथ यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी।

फिलहाल नए विंटर शेड्यूल में जम्मू और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू नहीं की गई हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि साल के अंत तक इन दोनों शहरों के लिए फ्लाइट सेवा शुरू होने की संभावना है। जुलाई 2024 में हरियाणा सरकार ने हिसार से पांच शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू करने की घोषणा की थी, जिनमें से अब चार शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुछ समय पहले चंडीगढ़ से हिसार-जयपुर फ्लाइट का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा था कि अगले चरण में हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट को जम्मू तक एक्सटेंड किया जाएगा। गौरतलब है कि हिसार से जयपुर की उड़ान सेवा 12 सितंबर 2025 को शुरू हुई थी, जिसका किराया टैक्स सहित लगभग 1900 रुपये था।