370 रुपये की बिरयानी पर की गई टिप्पणी पड़ी भारी, हिमांशु जांगड़ा की नौकरी गई 

गुरुग्राम: कॉमेडियन प्रणीत मोरे के स्टैंडअप शो में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले गुरुग्राम निवासी हिमांशु जांगड़ा को उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है। जांगड़ा गुरुग्राम स्थित वेब डिजाइन और ब्रांडिंग कंपनी में वेब डेवलपर के पद पर कार्यरत था। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने उसे सेवा से हटाने की पुष्टि की है।
 
370 रुपये की बिरयानी पर की गई टिप्पणी पड़ी भारी, हिमांशु जांगड़ा की नौकरी गई
गुरुग्राम:  कॉमेडियन प्रणीत मोरे के स्टैंडअप शो में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले गुरुग्राम निवासी हिमांशु जांगड़ा को उसकी कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है। जांगड़ा गुरुग्राम स्थित वेब डिजाइन और ब्रांडिंग कंपनी में वेब डेवलपर के पद पर कार्यरत था। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने उसे सेवा से हटाने की पुष्टि की है।

क्या है पूरा मामला?

23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा पिछले सप्ताह एक स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान दर्शक के रुप में बैठा था। बातचीत के दौरान उसने एक डेट का अनुभव शेयर करते हुए कहा कि उसने एक महिला के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी थी और इसलिए उसे अपने खर्च का “रिटर्न” मिलना चाहिए।

जांगड़ा ने मंच से कहा कि बिरयानी खाने के बाद जब युवती ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा, तो उसने जवाब दिया, “370 रुपये लगे हैं, मैं वसूल तो करूंगा।” इसके बाद उसने बताया कि वह लड़की को अपने कमरे पर ले जाने के बारे में सोच रहा था और फिर उसे एक अंधेरे पार्क में चलने के लिए कहता रहा। युवती ने कई बार अनिच्छा जताई, लेकिन वह उसके साथ पार्क चली गई। जांगड़ा ने इस पूरी घटना को जिस तरह प्रस्तुत किया, उसे लेकर सोशल मीडिया पर भारी आलोचना शुरू हो गई।

कंपनी ने क्या कहा?

कंपनी के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वायरल वीडियो देखने के बाद कंपनी ने मामले की आंतरिक समीक्षा की। उन्होंने बताया कि महिला कर्मचारियों सहित कई सहकर्मियों से बात की गई और कार्यस्थल पर जांगड़ा के खिलाफ किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली। सहकर्मियों ने उसे पेशेवर, मेहनती और सम्मानजनक व्यवहार वाला कर्मचारी बताया। इसके बावजूद कंपनी ने कहा कि उसके सार्वजनिक बयान बेहद आपत्तिजनक थे और कंपनी के मूल्यों के खिलाफ थे।

विवेक विश्वकर्मा ने कहा, “जो कुछ कार्यस्थल के बाहर हुआ, उसका असर अब कार्यस्थल पर भी पड़ रहा है। कंपनी, कर्मचारियों, ग्राहकों और कार्य वातावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए हमने हिमांशु जांगड़ा से अलग होने का फैसला किया है।”

ऑनलाइन ट्रोलिंग को लेकर भी जताई चिंता

कंपनी के संस्थापक ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग कोई मजाक नहीं है और इस घटना के परिणाम हिमांशु को लंबे समय तक भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन उत्पीड़न और व्यक्तिगत हमलों से बचने की अपील करते हुए कहा कि यह घटना उसके भविष्य पर लंबे समय तक असर डाल सकती है। यह मामला सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति नजरिए, सहमति (Consent) और पितृसत्तात्मक सोच को लेकर व्यापक बहस का विषय बन गया है।