गुरुग्राम की गलियों और बाजारों में दौड़ेगी हाई-टेक ‘वेस्ट पिकर’ मशीनें, मिनटों में साफ होगा कूड़ा- कचरा

 
गुरुग्राम की गलियों और बाजारों में दौड़ेगी हाई-टेक ‘वेस्ट पिकर’ मशीनें, मिनटों में साफ होगा कूड़ा- कचरा

 

गुरुग्राम की गलियों और बाजारों से अब मिनटों में कूड़ा- कचरा साफ होगा। नगर निगम में साफ- सफाई के लिए हाईटेक मशीनें मंगवाई है, जो तंग गलियों में भी घुसकर कचरे को साफ करेंगी। 

नगर निगम ने व्यस्त और भीड़भाड़ वाले बाजारों को साफ-सुथरा रखने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत 5 अत्याधुनिक ‘वेस्ट पिकर’ मशीनें मंगवाई हैं। इन मशीनों को सदर बाजार के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया गया है।

खास बात यह है कि स्कूटर जैसे दिखने वाले ये कॉम्पैक्ट वाहन तंग गलियों और व्यस्त बाजारों में भी आसानी से आ-जा सकते हैं। बाजारों में बिना ट्रैफिक को रोके इन मशीनों से चंद मिनटों में कचरा साफ हो जाएगा।

इन नई मशीनों को सही और प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए सफाई कर्मचारियों को खास तकनीकी ट्रेनिंग भी दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बाजारों और मार्केट एरिया में लोगों की भारी भीड़ होती है। जिसके कारण सड़कों और फुटपाथों पर रैपर्स, कागज के टुकड़े और अन्य हल्का कचरा जमा हो जाता है।

बाजारों में भीड़भाड़ होने के कारण बड़े सफाई वाहनों को वहां ले जाना मुश्किल होता है। ऐसे में नगर निगम ने इस समस्या का समाधान निकालते हुए खास तौर पर मार्केट एरिया के लिए इन मशीनों को मंगवाया है। 

अभी शुरुआती चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पांच अत्याधुनिक वेस्ट पिकर मशीनें मंगवाई गई हैं।  लेकिन आने वाले समय में शहर के अन्य बाजारों के लिए भी ऐसी और मशीनें मंगवाई जाएंगी। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को एक डिजिटल और आधुनिक रूप मिलेगा।