एशियन गेम्स में छाए हरियाणवी शूटर्स, सुरुचि और कमलजीत ने देश को दिलाया गोल्ड मेडल
हरियाणा की सुरुचि इंद्र सिंह फोगाट और कमलजीत ने एशियन गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन करते हुए इतिहास रच दिया है। सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। ये इस एशियन गेम्स में भारत का दूसरा गोल्ड मेडल है।
जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की बेटी सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए दूसरा गोल्ड जीता।
सुरचि और कमलजीत की जोड़ी ने कुल 484.6 अंक हासिल कर गोल्ड जीता। वहीं सिल्वर मेडल जीतने वाली साउथ कोरिया को 478.0 अंक मिले। इसके अलावा ईरान ने 415.8 अंक के साथ ब्रॉन्ज जीता है।
कमलजीत और सुरुचि की इस बड़ी उपलब्धि पर दोनों के परिवारों में खुशी का माहौल है। सीएम नायब सैनी ने भी दोनों बधाई देते हुए कहा कि आप दोनों की उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है।
