Haryana: हरियाणा में महिला ने 3 मासूम बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग, चारों की मौत

 
Woman jumps into a well with her three innocent daughters
Haryana News: हरियाणा के नूंह जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीमा गांव बदोपुर में एक 30 वर्षीय महिला साहिला पत्नी शाहिद ने घरेलू विवाद और कलह के कारण अपनी तीन छोटी बेटियों 5 महीने, 4 वर्ष और 7 वर्ष के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में महिला व तीनों मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 
 
मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक वारदात सोमवार को हुई। स्थानीय ग्रामीणों को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को तुरंत सूचित किया। फिरोजपुर झिरका पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं से चारों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के प्रारंभिक जांच में घरेलू क्लेश और पारिवारिक परेशानियों को इस अमानवीय कदम का मुख्य कारण बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक पुलिस को किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।