हरियाणा बनेगा देश का पहला विकसित राज्य, पिपली, लाडवा और थानेसर को मिली 44 करोड़ की सौगात, सीवरेज और बिजली व्यवस्था होगी मजबूत

 
 हरियाणा बनेगा देश का पहला विकसित राज्य, पिपली, लाडवा और थानेसर को मिली 44 करोड़ की सौगात, सीवरेज और बिजली व्यवस्था होगी मजबूत

चंडीगढ़, 15 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा देश का सबसे पहला विकसित राज्य बने। विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में शामिल 217 संकल्पों में से 76 संकल्प दो साल में पूरे किए जा चुके हैं, जबकि बाकी 141 संकल्पों पर तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र के नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 13 करोड़ 36 लाख रुपये की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन और 31 करोड़ 47.40 लाख रुपये की 2 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

पिपली और लाडवा में सीवरेज समस्या का होगा स्थायी समाधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा हलके के पिपली, बीड़ पिपली और पिपली-लाडवा रोड की कॉलोनियों में 22 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से सीवरेज व्यवस्था तथा 6.50 एमएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सेक्टर-28 और जोगना खेड़ा में 12 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी के दो बिजली सब-स्टेशन शुरू किए गए हैं। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। वहीं, मिर्जापुर और दयालपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 करोड़ रुपये की लागत से केडीबी रोड का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य कुरुक्षेत्र द्वार और उमरी द्वार बनाए जाएंगे।

विकास और विरासत को साथ लेकर चल रही सरकार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र हमारी सभ्यता, आस्था और जीवन दर्शन का केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी भूमि से कर्म, कर्तव्य और लोककल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया था। सरकार कुरुक्षेत्र में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत कर रही है।

उन्होंने बताया कि लाडवा में 50 बेड का नागरिक अस्पताल बनाया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोहतक के बाद यह देश का दूसरा ऐसा रेलवे ट्रैक है। खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी और पांचजन्य की प्रतिकृति का अनावरण किया। सरकार का प्रयास है कि कुरुक्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान भी और मजबूत हो।

वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनेगा हरियाणा: नवीन जिंदल

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। हरियाणा वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विकसित राज्य बनकर उभरेगा और अन्य प्रदेश भी हरियाणा से प्रेरणा लेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं बना रहे हैं और उन्हें धरातल पर लागू किया जा रहा है। प्रदेश लगातार विकसित राज्य बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 10 गुना गति से हो रहे विकास कार्य: सुभाष सुधा

पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पिपली सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 गुना गति से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

सुभाष सुधा ने बताया कि 25 नवंबर को संत शिरोमणि रविदास की यात्रा उमरी पहुंचेगी। उमरी में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।