Haryana Weather: हरियाणा में आज से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

 
haryana weather
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम एक बार फिर बड़ा मोड़ लेने जा रहा है। आज से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 से 24 जनवरी तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार 22 जनवरी को मौसम में पहली बड़ी हलचल देखने को मिलेगी। विभाग ने अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और सिरसा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान केवल बारिश ही नहीं, बल्कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवाओं के झोंके 60 किमी प्रतिघंटा तक पहुंचने की संभावना है। इससे पेड़ों, बिजली लाइनों और कच्ची छतों को नुकसान पहुंच सकता है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

रात में मिलेगी राहत, दिन में बढ़ेगी ठिठुरन
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की कड़ाके की ठंड में कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में गिरावट आएगी। सूरज न निकलने की स्थिति में कई जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन सकते हैं।

दिन का पारा बढ़ा, रात का तापमान गिरा
बीते दिन की तुलना में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। पलवल (AWS) प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दूसरी ओर, औसत न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो अब सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे कम तापमान सोनीपत (कनाल रेस्ट हाउस, सरगथल AWS) में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार में रात का पारा 4.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।