Haryana Weather: हरियाणा में मौसम फिर बदलेगा करवट, बारिश का अलर्ट जारी

 
haryana weather
Haryana Weather: हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार 25 जनवरी तक प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से कहीं घना कोहरा तो कहीं बादल छाए रहने की संभावना है। आगे चलकर कई जिलों में बूंदाबांदी और बारिश के भी आसार जताए गए हैं।

जीटी रोड बेल्ट पर घने कोहरे का अलर्ट

बुधवार को हरियाणा के जीटी रोड बेल्ट से जुड़े इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहने की आशंका है, जिससे वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रात का तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

सोनीपत में सबसे कम, भिवानी में सबसे ज्यादा तापमान

20 जनवरी को हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस भिवानी में रिकॉर्ड किया गया। कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 25 जनवरी से ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना बन रही है।

न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 20 जनवरी को औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा।

सोनीपत में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री और हिसार में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोहरे और नमी के कारण रात और अलसुबह ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।

दिन में गर्मी, भिवानी में पारा 25 डिग्री

अधिकतम तापमान की बात करें तो प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हालांकि 20 जनवरी को औसत अधिकतम तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, फिर भी यह सामान्य से लगभग 4 से 5 डिग्री अधिक रहा।
भिवानी (AWS) में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में पारा 24.0 डिग्री और हिसार में 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय हल्की धूप से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।

विशेषज्ञों की राय: तीन पश्चिमी विक्षोभ करेंगे असर

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 25 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील बना रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 20 और 21 जनवरी को प्रदेश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और उत्तरी व दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।

25 जनवरी को ज्यादातर जिलों में बारिश के आसार

डॉ. खीचड़ के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 24 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में आने से 25 जनवरी को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना बन रही है।
इस दौरान रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। साथ ही हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने और अलसुबह व देर रात कहीं-कहीं धुंध छाए रहने की भी संभावना जताई गई है।