मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 3 से 9 नवंबर के बीच हरियाणा में तापमान में विशेष बदलाव देखने को मिलेंगे। सोमवार, 3 नवंबर को दिन का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहेगा। 6 से 7 नवंबर तक रात का तापमान 12-13 डिग्री तक गिर सकता है। अंबाला में आज सुबह का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सिरसा, करनाल, रोहतक, फरीदाबाद, सोनीपत और हिसार में कल का अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी, जिससे सुबह और शाम का तापमान और नीचे जा सकता है। उन्होंने बताया कि दिन की गर्मी अब कम होने लगी है और सुबह-शाम सर्दी का असर बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों में धुंध भी बढ़ सकती है, जिससे मौसम पूरी तरह सर्दी की ओर मुड़ने की संभावना है।
हालांकि, मौसम के साथ-साथ वायु गुणवत्ता की स्थिति गंभीर बनी हुई है। फरीदाबाद और गुरुग्राम में हवा जहरीली हो गई है और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। सोमवार को फरीदाबाद का औसत AQI 270 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। गुरुग्राम का AQI लगभग 200 और जींद में 441 दर्ज किया गया। अंबाला में AQI 224 रहा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस स्तर का प्रदूषण फेफड़ों, आंखों और त्वचा पर प्रतिकूल असर डालता है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह बेहद खतरनाक है।
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि ऐसे दिनों में बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। सुबह और शाम के समय टहलने या दौड़ने से बचें, क्योंकि उस समय वायु में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक होता है। बाहर निकलते समय मास्क पहनना जरूरी है और बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें।
