Haryana Weather Update: हरियाणा में धीरे-धीरे कम हो रही सर्दी, 27 डिग्री पार पहुंचा तापमान
IMD की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 0.7 डिग्री का इजाफा हुआ है। दिन में धूप तेज होने लगी है और ठंड का असर अब सीमित होता दिख रहा है।

7 स्थानों पर 27 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा
प्रदेश में 7 शहरों में अधिकतम तापमान 27डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है। पलवल में 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा नूंह में पारा 27.9°C, गुरुग्राम में 27.8°C, महेंद्रगढ़ 27.6°C, नारनौल 27.5°C, भिवानी एडब्ल्यूएस 28.1°C और हिसार 27.0°C में भी पारा 27 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज हुआ।
रात में 10 डिग्री से नीचे कहीं नहीं गया पारा
न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के किसी भी शहर में तापमान 10 डिग्री से नीचे नहीं गया। हिसार में सबसे कम 10.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में रात का पारा 12 से 14 डिग्री के बीच रहा, जिससे सुबह हल्की ठंड तो महसूस हुई, लेकिन सर्दी का तीखापन कम रहा।
