Haryana Weather: हरियाणा में इस बार रिकॉर्ड तोड़ेगी ठंड, अक्टूबर में ही शुरू हुई कंपकंपी
 
haryana weather
Haryana Weather: हरियाणा में इस बार ठंड सामान्य से काफी अधिक तीव्र हो सकती है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने मौसम के रुझान को देखकर अनुमान जताया है कि राज्य में इस बार सर्दी के रिकॉर्ड टूट सकते हैं। आईएमडी हरियाणा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शिवेंद्र सिंह के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत में हुई असामान्य बारिश ने तापमान में गिरावट की नींव रख दी है।

तापमान सामान्य से नीचे

हरियाणा में इस समय न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यदि यह तापमान 10 डिग्री या उससे कम चला जाता है, तो यह पिछले 15 वर्षों में सबसे कम तापमान बन जाएगा। गौरतलब है कि 2020 में 28 अक्टूबर को तापमान 10.9 डिग्री दर्ज किया गया था, जो 2010 के बाद से सबसे न्यूनतम तापमान था।

इस बार अक्टूबर के पहले सप्ताह में हरियाणा में लगभग 30 मिमी बारिश हुई है, जबकि आमतौर पर इस अवधि में सिर्फ 4 मिमी बारिश होती है। यानी सामान्य से 649% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इससे पहले वर्ष 2004 में पूरे अक्टूबर में 58.4 मिमी बारिश हुई थी।

गुरुग्राम और हिसार में सबसे ज्यादा गिरा तापमान

राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। गुरुग्राम और हिसार में रात के समय तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है, जिससे ठंड का एहसास शुरू हो चुका है। हिसार और नारनौल में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 1.5 डिग्री कम है।

नूंह में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं यमुनानगर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री कम है।

क्या है आने वाले दिनों का अनुमान?

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर यही स्थिति बनी रही और तापमान में इसी तरह गिरावट आती रही तो नवंबर के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड शुरू हो सकती है। रबी फसलों के लिए यह मौसम अनुकूल माना जा रहा है, लेकिन आम लोगों को अब से ही गर्म कपड़ों की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।